सिलीगुड़ी, 09 अप्रैल । पिकअप वैन के जरिए बिहार में शराब तस्करी की साजिश का खुलासा हुआ है। नक्सलबाड़ी में नाका चेकिंग के दौरान भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई। शराब तस्करी के आरोप में चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार चालक का नाम सौम्य बागची है, जो सिलीगुड़ी के सूर्यसेन कॉलोनी का निवासी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, नक्सलबाड़ी के रथखोला मोड़ स्थित एशियन हाईवे पर चुनाव आयोग की स्टैटिक सर्विलांस टीम गुरुवार दोपहर नाका चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सिलीगुड़ी से बिहार की ओर जा रही एक पिकअप वैन को रोका गया। खाली दिख रही पिकअप वैन में हरे रंग की तिरपाल देखकर अधिकारियों को शक हुआ। तलाशी लेने पर उसमें से 39 कार्टून विदेशी शराब बरामद की गई।
घटना के बाद बरामद शराब, वाहन और चालक को नक्सलबाड़ी थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। गिरफ्तार आरोपित को शुक्रवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा।






